बहराइच डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक

Time India News 11
0

 


बहराइच 28 दिसम्बर। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा हेतु बुधवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने स्पष्ट किया कि कायाकल्प का अवशेष कार्य शीघ्र पूर्ण न होने की दशा में सभी सम्बन्धित बीईओ व एडीओ पंचायत को प्रतिकूल प्रविष्टि से दण्डित किया जायेगा। डीएम ने यह भी कहा कि शासनादेश के दी गयी व्यवस्था से कम फर्नीचर आपूर्ति होने पर सम्बन्धित बीईओ के उत्तरदायित्व का निर्धारण कर उनके विरूद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट भी दर्ज करायी जा सकती है।
डीएम ने बीईओ को निर्देशित किया कि बच्चों के स्वेटर का पैसा खातों में भेजने के कार्य में विलम्ब न किया जाय। सभी बीईओ पंजीकृत छात्रों की शतप्रतिशत उपस्थिति के साथ-साथ इस बात को भी सुनिश्चित करें कि सभी छात्र प्रापर ड्रेस, जूता, मोज़ा व स्वेटर पहन कर विद्यालयों में आयें। डीएम ने कहा कि विद्यालयों के शौचालय टाइलिंग तथा पानी की आपूर्ति के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराएं। आधार कार्ड बनाने के कार्य की ब्लाकवार समीक्षा में पाया गया कि एक माह में बलहा में 496 छात्रों के आधार कार्ड बनाये गये हैं डीएम ने अन्य बीईओ को बलहा का अनुसरण करने का निर्देश दिया गया।
सभी बीईओ को निर्देश दिया गया कि विभागीय निर्माण कार्यों का स्थलीय सत्यापन करें तथा सत्यापन के समय वीडियो क्लिप भी अवश्य बना लें। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, मिड-डे-मील सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी जायज़ा लें तथा यह सुनिश्चित कराएं कि बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा मिले। जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया गया कि आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों के एमडीएम का अंकन पंजिका में किया जाय। पोषण समिति की बैठक मानक के अनुसार कराए तथा कार्यवाही रजिस्टर में उसका अंकन भी किया जाय। बैठक के दौरान डीएम ने पोषण वाटिका की स्थापना, आर.ओ. प्लान्ट व सोलर पैनल की क्रियाशीलता की भी समीक्षा करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर., अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ. एस.के. सिंह, डीपीआरओ राघवेन्द्र द्विवेदी, डीपीओ राज कपूर, बीएसए अव्यक्तराम तिवारी, लीड बैंक प्रबन्धक जितेन्द्र कुमार, बीडीओ, बीईओ व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

Made with Love by

Pixy Newspaper 11 Template is Designed Theme for Giving Enhanced look Various Features are availabl…
To Top