बहराइच में महिलाओं पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार, पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू किया बरामद
दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र में चार महिलाओं पर हमले के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर गठित हुई थीं तीन टीमें।
बहराइच में महिलाओं पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दरगाह शरीफ थाना पुलिस ने वारदात के महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला 14 और 15 नवंबर की दरमियानी रात का है, जहां थाना दरगाह शरीफ क्षेत्र में एक युवक ने घर में घुसकर महिलाओं पर चाकू से हमला कर दिया था। घटना में घायल महिलाओं को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 नवंबर को मोहल्ला बीबी जोहरा बाग निवासी 23 वर्षीय अरजान कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है।
आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 333 और 109 सहित आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय भेजा जा रहा है।


