Time india news 11 UP......
बहराइच 03 अक्टूबर। विगत दिनों जनपद में आये तीव्र आंधी-तूफान एवं अतिवृष्टि के फलस्वरूप विद्युत आपूर्ति को लेकर आ रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विद्युत विभाग के सभी जिम्मेदार अधिकारियों को कलेक्ट्रेट में तलब कर कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए दो टूक शब्दों में निर्देश दिया कि जल्द से जलद जनपद की विद्युत आपूर्ति व्यस्था को बहाल करायें जिससे आमजन को राहत मिल सके।
जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने अधीक्षक अभियन्ता विद्युत को निर्देश दिया कि युद्ध स्तर पर कार्यवाही करते हुए जनपद के सभी मजरों में विद्युत आपूर्ति बहाल करायें। डीएम ने कहा कि मरम्मत कार्य के लिए आवश्यकतानुसार यांत्रिक व मानव संसाधन को बढ़ाकर जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल की जाय। डीएम ने कहा कि जनपद में यदि किन्ही स्थानों पर खड़ी फसलों के बीच गिरे हुए पोलों को उठाने में कोई समस्या आ रही है तो सम्बन्धित अवर अभियन्ता व ग्राम प्रधान बैठक कर समस्या के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए विद्युत पोल उठाने के कार्य में सहयोग प्रदान करने के लिए ग्रामवासियों व किसानों से अपील कर लें। डीएम ने अधीक्षक अभियन्ता व अधिशासी अभियन्ता को निर्देश दिया कि कराये जा रहे मरम्मत व अनुरक्षण कार्य की डे-बाई-डे मानीटरिंग की जाय।
अधीक्षक अभियन्ता नवीन चन्द्र प्रसाद ने बताया कि पिछले दिनों जनपद बहराइच में आये तीव्र आंधी-तूफान एवं अतिवृष्टि के कारण विद्युत इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यापक क्षति हुई है। प्राकृतिक आपदा के फलस्वरूप लगभग 4168 अदद विद्युत पोल, 474 विद्युत परिवर्तक एवं अन्य विद्युत परिसम्पत्तियों की क्षति हुई है। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर गिरे हुए पेड़ों को हटाकर नए पोल खड़े करने और क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को बदलने हेतु 17 अदद टीमे व 15 अदद हाइड्रोलिक मशीन लगायी गयी है। जनपद बहराइच के कुल 37 उपकेन्द्रो में से 35 उपकेन्द्रो की 33 के.वी. लाइनो को बहाल कर दिया गया है एवं शेष 02 उपकेन्द्रो की 33 के.वी. लाइन एवं 11 के.वी. पोषको की बहाली हेतु युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
श्री प्रसाद ने बताया कि आज मुख्य अभियन्ता (वितरण) गोण्डा द्वारा विद्युत उपकेन्द्र रिसिया, अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत वितरण मण्डल, बहराइच द्वारा विद्युत उपकेन्द्र चिरैयाटांड तथा रंजीतपुर, अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड, बहराइच द्वारा विद्युत उपकेन्द्र बक्शीपुरा एवं अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड, कैसरगंज द्वारा विद्युत उपकेन्द्र विशेश्वरगंज तथा धनुही के अन्तर्गत चल रहे कार्य का निरीक्षण किया गया तथा कार्यों को त्वरित गति से पूर्ण कराते हुये विद्युत आपूर्ति बहाल किये जाने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता,मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, डीपीआरओ चन्द्रभान सिंह सहित अधि.अभि. विद्युत वितरण खण्ड मौजूद रहे।
Naseem khan


