उत्तर प्रदेश 08 वर्षों में आकांक्षी जनपद बहराइच का हुआ अभूतपूर्व विकास: सूर्य प्रताप शाही

Time India News 11
0

 


टाइम इंडिया न्यूज 11 यूपी बहराइच

बहराइच 26 मार्च। प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा व सुशासन की नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर महाराज सिंह इण्टर कालेज में आयोजित त्रिदिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रदेश के मंत्री, कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग/प्रभारी मंत्री जनपद बहराइच सूर्य प्रताप शाही ने जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, पयागपुर के सुभाष त्रिपाठी, नानपारा के राम निवास वर्मा, बलहा की सरोज सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल व अन्य गणमान्य संभ्रान्तजन तथा जिलाधिकारी मोनिका रानी, पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह व मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र के साथ मॉ सरस्वती जी की पूजा अर्चना व दीप प्रज्ज्वलन कर दूसरे दिन आयोजित होने वाले कार्यक्रम का शुभारम्भ किया तथा ‘‘सबका साथ-सबका विकास उत्कर्ष के 08 वर्ष’’ एवं ‘‘यूपी के उपयोगी 08 वर्ष’’ तथा जनपद बहराइच की विकास पुस्तिका का विमोचन कर जनप्रतिनिधियों के साथ बटन दबाकर जिले की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम व बांसुरी वादन प्रस्तुत किया गया।  प्रभारी मंत्री द्वारा अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, डेमो चेक तथा आवास की चाभी का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि  शाही ने कहा कि . प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विज़न और . मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन को आत्मसात करते हुए वर्ष 2017 में डबल इंजन की सरकार ने सुरक्षा, सुशासन और विकास की जिस यात्रा को प्रारम्भ किया था, वह आज ‘नए भारत के नए उत्तर प्रदेश’ के रूप में पूरे देश के समक्ष एक मॉडल के रूप में प्रस्तुत हुई है। इस विकास यात्रा के साक्षी और सहभागी बनने के लिए समस्त जनपद व प्रदेशवासी बधाई के पात्र हैं।
कृषि मंत्री श्री शाही ने बताया कि प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा व सुशासन की नीति के आठ वर्षों में प्रदेश के अन्नदाताओं को शीर्ष प्राथमिकता प्रदान की गई है। प्रदेश में पिछले 08 वर्षों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, किसान मानधन योजना, निःशुल्क सिचाई, मृदा परीक्षण, सिचाई का रकबा बढ़ा, गन्ना मूल्य का समयबद्ध भुगतान, बिचौलियों से आजादी, मूल्य समर्थन योजना के माध्यम से खरीद, नवाचार को प्रोत्साहन, खाद बीज के पर्याप्त इंतजाम जैसे अनेक कार्यों ने कृषि सेक्टर की तस्वीर बदल कर रख दी है। श्री शाही ने कहा कि वर्ष 2016-17 के 5.1 के मुकाबले वर्ष 2023-24 में कृषि विकास दर बढ़कर 13.7 प्रतिशत हो गई है। वर्तमान में राज्य की सकल घरेलू उत्पाद में 28 प्रतिशत योगदान कृषि का है।
श्री शाही ने कहा कि प्रदेश सरकार का पहला बजट तो किसानों को ही समर्पित था। कैबिनेट द्वारा प्रथम बैठक में ही 95 लाख लघु एवं सीमान्त किसानों के रू. 36,359 करोड़ रूपये की कर्जमाफी का निर्णय लिया गया था। श्री शाही ने कहा कि 2017 से अब तक रू. 2 लाख 80 हज़ार 223 करोड़ का गन्ना मूल्य भुगतान किया गया है जो पिछले 22 वर्षों में हुए कुल भुगतान से भी रू. 66,703 करोड़ अधिक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 03 चीनी मिलों की स्थापना, 06 का पुर्नसंचालन तथा 38 की क्षमता विस्तार कर वर्तमान में 122 चीनी मिलों द्वारा लगभग 1.25 लाख लोगों को प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष रूप से रोज़गार प्रदान किया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री ने आकांक्षी जनपद बहराइच में कराये जा रहे कार्यों की खुले दिल से प्रशन्सा करते हुए कहा कि माह अप्रैल 2017 से मार्च 2025 तक पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 613190 कृषकों कुल रू. 173870 लाख, 113045 गन्ना कृषकों रू 4393.613 करोड़ का भुगतान किया गया है। उक्त अवधि में गेहूॅ खरीद की बात की जाय तो 112556 से 5590510.81 मी.टन की खरीद कर रू. 103587.02 लाख तथा 166965 किसानों से 1009760.02 मी.टन धान की खरीद कर रू. 223758.75 लाख का भुागतान किया गया है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का ज़िक्र करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले की 5087 गरीब बेटियों की शादी पर रू. 2615.49 लाख का व्यय कर पूरे सम्मान के साथ विदाई करायी गयी है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम की एक विशेषता यह भी है गरीब बेटियों की शादी में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ जिले व शासन के आला अधिकारी मौजूद रह कर वर वधू को आशीर्वाद देते हैं। जबकि ऐसा धनाढ्य व्यक्ति की शादी में नहीं होता है। श्री शाही ने प्रदेश सरकार के 08 वर्ष पूर्ण होने पर जनपदवासियों को बधाई देते हुए जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के बेहतर समन्वय से जिले की निरन्तर प्रगति के लिए हो रहे कार्यों की सराहना की।  
कार्यक्रम को भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, विधायक बलहा श्रीमती सरोज सोनकर, विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, पूर्व सांसद अक्षयवरलाल गोंड सहित अन्य वक्ताओं ने सम्बोधित करते हुए प्रदेश सरकार की 08 वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।  

रिपोर्टर:नसीम खान

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

Made with Love by

Pixy Newspaper 11 Template is Designed Theme for Giving Enhanced look Various Features are availabl…
To Top