Bahraich News: माफिया गब्बर की खंगाली जा रही संपत्ति

Time India News 11
0

 




बहराइच। प्रदेश सरकार ने एक बार फिर माफिया की सूची जारी कर दी है। इसमें बहराइच का माफिया देवेंद्र सिंह उर्फ गब्बर भी शामिल है।

 ऐसे में अब पुलिस गब्बर की ऐसी संपत्ति पता लगाने में जुटी है जिस पर कार्रवाई नहीं की गई है। हालांकि करीब 110 करोड़ की संपत्ति सीज हुई है इसमें एक होटल भी शामिल है। 

लेकिन गब्बर की संपत्ति पर अभी तक बुलडोजर नहीं चलने से कार्रवाई सवालों के घेरे में भी नजर आती है।

पुलिस अब तक माफिया गब्बर सिंह की संपत्ति में से 85 करोड़ की लागत से बना बंधन होटल व मैरिज लॉन व 25 करोड़ से बनी मार्केट की दुकानें ही कुर्क कर सकी है। 

गब्बर से जुड़े केस की विवेचना में जिला पुलिस के स्तर से बरती जाने वाली लापरवाही के कारण ही देवीपाटन मंडल के डीआईजी पूर्व में दो दरोगाओं पर कार्रवाई कर उन्हें निलंबित भी कर चुके हैं।

पयागपुर थाना क्षेत्र के मोहनमाफी गांव निवासी माफिया देवेंद्र सिंह उर्फ गब्बर सिंह जिला पंचायत सदस्य भी है। इसके खिलाफ 1992 से लेकर अब तक 47 मुकदमे दर्ज हैं। 

यह मुकदमे श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर व अयोध्या जिले से जुड़े अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज हैं। इनमें कूटरचित दस्तावेज तैयार करके सरकारी जमीन पर कब्जा करने व गरीब लोगों को बंधक बनाकर जमीन की खरीद फरोख्त से जुड़े दर्जनों मामले शामिल हैं।


सीएम को गुलदस्ता दिया तो हुई कार्रवाई 27 मार्च 2021 को जिले में महाराणा प्रताप सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम योगी का स्वागत करने वालों में गब्बर सिंह भी शामिल था। 

उसने अपनी पहुंच व प्रभाव के दम पर मंच पर चढ़ कर सीएम योगी को गुलदस्ता भेंटकर फोटो शूट भी कराया था। सीएम के साथ गब्बर की यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ही पुलिस की नजर उस पर टेढ़ी हुई थी। 

माफिया गब्बर सिंह के खिलाफ लूट, अपहरण समेत अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। एडीजी ने उस पर एक लाख का इनाम भी घोषित किया था। 4 फरवरी 2022 को एसटीएफ ने लखनऊ से गब्बर सिंह को सहयोगी मनीष जायसवाल के साथ गिरफ्तार किया था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

Made with Love by

Pixy Newspaper 11 Template is Designed Theme for Giving Enhanced look Various Features are availabl…
To Top