बहराइच:एएनसी पंजीकरण की समीक्षा के दौरान चित्तौरा ब्लॉक में सबसे कम पंजीकरण पर सीडीओ ने दी चेतावनी

Time India News 11
0

 


टाइम इंडिया न्यूज 11 यूपी बहराइच 

बहराइच 1 नवम्बर। स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों तथा स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा हेतु गत दिवस कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में अंधता निवारण कार्यक्रम, राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र ने निर्देश दिया कि योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट साप्ताहिक रूप से प्रभारी चिकित्साधिकारियों को उपलब्ध कराये ताकि वे अपने स्तर से प्रगति की समीक्षा कर अपेक्षित सुधार ला सके।
सीडीओ ने प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं के प्रगति की अपने स्तर से भी नियमित समीक्षा करते हुए अपेक्षित सुधार लाने का हर संभव प्रयास करें। स्वास्थ्य केन्द्रों पर डाक्टर्स, पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति तथा दवाओं और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराते हुए शासन के अनुसार चिकित्सा सुविधा मुहैया करायी जाय। कुष्ठ रोग नियंत्रण कार्यक्रम में जिले को राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त होने पर सराहना करते हुए कहा कि नए रोगियों का चिन्हांकन कर दिव्यांग प्रमाणपत्र और पेंशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
आयुष्मान भारत की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने निर्देश दिया कि जीरो पार्वटी के सभी लोगों को योजना से लाभान्वित कराया जाय। साथ ही आयुष्मान कार्ड निर्माण के प्रगति की प्रतिदिन गु्रप में शेयर किया जाय। जहां पर प्रगति संतोषजनक न हो वहां पर विशेष प्रयास कर प्रगति में आपेक्षित सुधार लाया जाय। जन्म, मृत्यु पंजीकरण समीक्षा के दौरान सीडीओ ने निर्देश दिया कि सभी संस्थागत प्रसव मामलों में डिस्चार्ज के पूर्व ही शिशु का जन्म प्रमाणपत्र जारी किया जाए और मृत्यु की दशा में संबंधित को मृत्यु प्रमाण पत्र समय पर उपलब्ध कराया जाए।
नियमित टीकाकरण में बहराइच का औसत 83 प्रतिशत बताया गया, जबकि राज्य औसत 84 प्रतिशत है। सीडीओ ने कहा कि विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत प्रतिरक्षण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में बताया गया अब तक छूटे 1640 बच्चों में से 1535 का टीकाकरण किया जा चुका है, शेष को जल्द कवर किया जाएगा। आयुष्मान भारत योजना में अक्टूबर माह में केवल 3500 गोल्डन कार्ड बनाए जाने पर नाराजगी जताते हुए ब्लॉकों को निर्देशित किया गया कि अंत्योदय कार्डधारकों की सूची के अनुसार सभी पात्र परिवारों के गोल्डन कार्ड बनाए जाएं। हेपेटाइटिस टीकाकरण में मेडिकल कॉलेज की 50 प्रतिशत प्रगति पर नाराजगी जताते हुए निर्देशित किया गया कि सभी बच्चों को टीका लगाकर डेटा मंत्र ऐप पर तुरंत अपलोड किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ब्लॉक स्तर पर नियमित समीक्षा और निगरानी आवश्यक है। उन्होंने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों का वजन, कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन तथा पोषाहार वितरण हर सत्र में सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा लापरवाही पर कार्रवाई होगी। उन्होंने एनआरसी में बच्चों की कम भर्ती पर भी असंतोष जताया और कुपोषित बच्चों को आंगनबाड़ी के माध्यम से भेजने के निर्देश दिए।
उन्हांेने आईसीडीएस व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष प्रयास कर जनपद में बौनेपन को दूर किया जाय। साथ ही एनआरसी, मुख्यमंत्री सुपोषण घर को भी शासन की मंशानुसार संचालित कराया जाय। कुपोषण से ग्रसित बच्चों को शासन द्वारा अनुमन्य सुविधाएं मुहैया करायी जाय। इसी प्रकार अन्य स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। एएनसी पंजीकरण की समीक्षा के दौरान चित्तौरा ब्लॉक में सबसे कम पंजीकरण पर सीडीओ ने चेतावनी देते हुए प्रथम तिमाही में शत-प्रतिशत पंजीकरण और सभी लाभार्थियों के आभा कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ संजय कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानन्द, एसीएमओ डॉ. संतोष राणा, डीएचईआईओ बृजेश सिंह, डीपीएम सरजू खां सहित प्रभारी चिकित्साधिकारी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।

रिपोर्टर:नसीम खान

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

Made with Love by

Pixy Newspaper 11 Template is Designed Theme for Giving Enhanced look Various Features are availabl…
To Top